मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा

वरिष्ठ पत्रकारों की सम्मान निधि राशि बढ़ी, आवास का सपना भी होगा साकार, पत्रकार परिषद ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने शुक्रवार को राजस्थान विधानसभा में प्रदेश के अधीस्वीकृत वरिष्ठ पत्रकारों को 60 साल की आयु पूरी करने पर मिलने वाली सम्मान निधि की राशि में बढ़ोत्तरी करने की घोषणा की है। इसके साथ ही पिंकसिटी जयपुर में अपना आशियाना होने का पत्रकारों का सपना भी जल्द साकार होने की उम्मीद है। इसके लिए राजस्थान पत्रकार परिषद ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और मंत्री परिषद का आभार जताया है। 

राजस्थान पत्रकार परिषद के प्रदेशाध्यक्ष रोहित कुमार सोनी और महासचिव रमेश कुमार यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा की गई घोषणा के मुताबिक वरिष्ठ पत्रकारों को अब 15000 रुपए के बजाय 18000 रुपए मासिक सम्मान निधि की राशि मिलेगी। जो वरिष्ठ पत्रकार दिवंगत हो गए हैं और सम्मान निधि ले रहे थे, उनकी पत्नी को मिलने वाली राशि भी 7500 रुपए से बढ़ाकर 9000 रुपए मासिक की गई है। 

सोनी ने बताया कि इसी तरह लंबे समय से पत्रकार आवास योजना जो अटकी हुई थी, अब उसका समाधान भी जल्द हो जाएगा। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राजस्थान आवासन मंडल के माध्यम से जयपुर में पत्रकारों के लिए जल्द आवासीय योजना लाए जाने का ऐलान किया है। बता दें कि पहले कांग्रेस सरकार ने आगरा रोड पर पत्रकारों के लिए नायला में आवासीय योजना लांच की थी। इसमें 574 पत्रकारों का चयन होकर लॉटरी भी निकल गई थी, केवल आवंटन पत्र ही जारी होने थे। लेकिन, तब तक चुनाव आचार संहिता लग गई। इसके बाद से पत्रकारों के लिए आवासीय योजना लागू नहीं हो पाई। अनेक पत्रकार आवास के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। 

राजस्थान पत्रकार परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश के पत्रकार साथियों की समस्याओं के समाधान के प्रति राजस्थान पत्रकार परिषद सदैव अग्रणी रहती है। जयपुर में 4-5 अक्टूबर, 2025 को हुए राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान भी उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी के समक्ष वरिष्ठ पत्रकारों की आवास, पेंशन, चिकित्सा सुविधा समेत कई मांगें रखी गई थी। उन्होंने उचित स्तर पर पत्रकारों की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद प्री- बजट की बैठकों के दौरान भी राजस्थान पत्रकार परिषद की ओऱ से पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए समय-समय पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, मीडिया सलाहकार हीरेन जोशी, मीडिया को-आर्डिनेटर आनंद शर्मा और सूचना एवं जन संपर्क आयुक्त समेत सक्षम लोगों को ज्ञापन भी दिए गए थे। 

राजस्थान पत्रकार परिषद ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से पुनः मांग की है कि पत्रकारो को आरजेएचएस योजना में ओपीडी सुविधा शामिल करने और सभी स्टेट हाइवे पर पत्रकारों को टोलमुक्त करने जैसी समस्याओं का भी उचित समाधान करना चाहिए। इन्हें पूरा करने में राज्य सरकार पर किसी तरह का वित्तीय भार नहीं आएगा। लेकिन, पत्रकार साथियों को बहुत बड़ी सुविधा मिलेगी। इस संबंध राजस्थान पत्रकार परिषद का प्रतिनिधि मंडल बहुत जल्द मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से मुलाकात करेगा।