आवास योजना के लिए राजस्थान पत्रकार परिषद ने जताया मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का आभार

जयपुर। राजस्थान पत्रकार परिषद के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार 13 मार्च 2026 को जयपुर में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का उनके आवास पर जाकर राजस्थान बजट 2026-27 में पत्रकार आवास योजना और पत्रकार सम्मान निधि में वृद्धि किए जाने पर आभार जताया। हालांकि इस दौरान प्रदेशभर से आए विभिन्न संगठनों और मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि भी मुख्यमंत्री का आभार जताने आए थे।

इस दौरान राजस्थान पत्रकार परिषद के प्रदेशाध्यक्ष रोहित कुमार सोनी ने पत्रकार हितों के लिए कल्याणकारी योजनाएं घोषित करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताने के साथ ही मांग रखी कि राजस्थान सरकार की ओर से पत्रकारों के लिए हाल ही लागू की गई राजस्थान जर्नलिस्ट हैल्थ स्कीम (आरजेएचएस) योजना में ओपीडी सुविधा भी शामिल की जाए। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल ने पत्रकारों को निजी वाहन से यात्रा करने पर स्टेट हाइवे पर टोल से मुक्ति की सुविधा बहाल किए जाने की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही पत्रकार परिषद के अन्य प्रतिनिधियों ने छोटे और मझोले अखबारों के साथ साथ डिजिटल मीडिया पॉलिसी के तहत न्यूज वेबसाइट पर भी विज्ञापन दिए जाने और ग्रामीण पत्रकारों को भी अधीस्वीकरण सुविधा मिल सके, इसके लिए नियमों में संशोधन किए जाने का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाने का भरोसा दिलाया।

बता दें कि राजस्थान पत्रकार परिषद लंबे समय से पत्रकार सम्मान निधि में बढ़ोत्तरी, आरजेएचएस स्कीम में ओपीडी सुविधा, स्टेट हाइवे पर टोल मुक्ति, पत्रकारों के लिए आवासीय योजना, अधीस्वीकरण नियमों के सरलीकरण, सूचना एवं जन संपर्क विभाग की कमेटियों के गठन और उनमें पत्रकार संगठनों को उचित प्रतिनिधित्व दिए जाने, सर्किट हाउस, राजस्थान हाउस आदि में रियायती दर पर ठहरने और मान्यता प्राप्त पत्रकारों को रोडवेज में गंतव्य स्थल तक यात्रा सुविधा दिए जाने जैसे अनेक मुद्दे उठाती रही है।

राजस्थान पत्रकार परिषद के प्रतिनिधि मंडल में परिषद के पूर्व अध्यक्ष रोशन लाल  शर्मा, एल. एल. शर्मा, जगदीश शर्मा, उपाध्यक्ष रामेंद्र सोलंकी, महासचिव रमेश कुमार यादव, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा के साथ ही  विजय कुमार केड़िया, जयराम शर्मा, प्रदीप सिंह शेखावत, भीलवाड़ा जिला अध्यक्ष राजेश जीनगर समेत कई लोग शामिल थे।