बेंगलुरू। डिजिटल मीडिया के दौर में खुद को अपडेट करते हुए राजस्थान पत्रकार परिषद भी अब ऑनलाइन हो गई है। पत्रकार सदस्यों के बीच संवाद को और अधिक बेहतर बनाने की दृष्टि से परिषद ने अपनी वेबसाइट www.rajpp.org तैयार की है। बेंगलुरू में 9 अगस्त, 2026 को इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन (IJU) की नेशनल लीडरशिप यानि राष्ट्रीय अध्यक्ष बलविंदर सिंह जम्मू, राष्ट्रीय महासचिव डी. सोमसुंदर, पूर्व अध्यक्ष एस. एन. सिन्हा. तेलंगाना मीडिया एकेडमी के चेयरमैन और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के. श्रीनिवास रेड्डी ने इस वेबसाइट को लांच किया। इस दौरान देशभर के पत्रकार मौजूद थे।
इस दौरान राजस्थान पत्रकार परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल ने नेशनल काउंसिल की मीटिंग में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए बताया कि प्रदेशाध्यक्ष रोहित कुमार सोनी और प्रदेश महासचिव रमेश यादव के नेतृत्व में पत्रकार परिषद लगातार पत्रकार हितों के संघर्ष करने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर काम कर रही है। परिषद की ओऱ नियमित कार्यक्रम किए जा रहे हैं। सदस्यों के बीच किसी तरह की संवादहीनता न रहे, इसे खत्म करने के लिए ही वेबसाइट तैयार की गई है। इस वेबसाइट के जरिए आईजेयू की अन्य इकाइयां भी हमारे साथ संपर्क में रह सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान गिरिराज अग्रवाल ने जानकारी दी कि राजस्थान पत्रकार परिषद की समस्त गतिविधियों को अब ऑनलाइन कर दिया गया है। नए सदस्यों को सदस्यता प्रदान से लेकर उनके आईडी कार्ड बनाने तक का सारा काम ऑनलाइन ही होगा। सदस्यों को परिषद के कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों की जानकारी भी इस वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन ही दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आईजेयू की नेशनल काउसिंल मीटिंग में लिए गए सभी फैसलों को पत्रकार परिषद पूरी तरह लागू करने का प्रयास करेगी।
इधर, राजस्थान पत्रकार परिषद के प्रदेशाध्यक्ष रोहित कुमार सोनी, प्रदेश महासचिव रमेश कुमार यादव ने सभी पत्रकार साथियों से आग्रह किया है कि वे वेबसाइट का अधिकाधिक उपयोग करें। साथ ही अधिकतम साथियों को पत्रकार परिषद के साथ जोड़ने का प्रयास करें।
