मांग दिवसः कोटपूतली में राजस्थान पत्रकार परिषद के साथी जिला कलेक्टर को मांग पत्र सौंपते हुए।

मांग दिवसः पत्रकारों की सुरक्षा, मीडिया आयोग व नए वेज बोर्ड के गठन को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

​कोटपूतली। इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (आईजेयू) के राष्ट्रीय आह्वान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राजस्थान पत्रकार परिषद के बैनर तले पत्रकारों ने ‘मांग दिवस’ मनाया। इस मौके पर राजस्थान पत्रकार परिषद के जिलाध्यक्ष आनंद पंडित के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कोटपूतली-बहरोड़ जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता को महामहिम राष्ट्रपति के नाम चार सूत्रीय महत्वपूर्ण मांगों का ज्ञापन सौंपा। 

सौंपे गए ज्ञापन में देश भर के श्रमजीवी पत्रकारों और मीडिया संस्थानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक मीडिया आयोग के गठन, पत्रकारों व मीडिया संस्थानों की सुरक्षा के लिए विशेष केंद्रीय कानून बनाने, नई श्रम संहितों के स्थान पर 1955 व 1958 के श्रमजीवी पत्रकार अधिनियमों के तहत मिले वैधानिक अधिकारों व सुरक्षा उपायों को पुनः बहाल करने तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल मीडिया कर्मियों के लिए नए वेज बोर्ड के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई गई। 

इस दौरान राजस्थान पत्रकार परिषद के उपाध्यक्ष दिनेश मोरीजावाला, राजकुमार गर्ग, अमित यादव, बालकृष्ण शुक्ला, अनिल शरण बंसल, हिमांशु सैन, अनिल कुमार शर्मा, गिरिराज नायक समेत क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ पत्रकार व मीडियाकर्मी मौजूद रहे।