पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर 22 फरवरी को

जयपुर। राजस्थान पत्रकार परिषद ने समाज सेवा और पत्रकार कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पत्रकार साथियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य लाभ के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगवाए जाने का फैसला किया है। इस शिविर में तमाम पत्रकार साथी अपने स्वास्थ्य की जांच करवा सकेंगे।

राजस्थान पत्रकार परिषद के प्रदेशाध्यक्ष रोहित कुमार सोनी ने बताया कि पत्रकार अक्सर अपनी ड्यूटी में इतने व्यस्त रहते हैं कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रख पाते। यह शिविर उन्हें एक ही छत के नीचे कई विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लेने का अवसर देगा। पत्रकार परिषद आग्रह करती हैं कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं। यह शिविर उन लोगों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद होगा जो नियमित स्वास्थ्य जांच या विशेषज्ञ परामर्श का खर्च उठाने में असमर्थ हैं।

यह शिविर मनुश्री आई एंड जनरल हॉस्पिटल, एबी-383, जनपथ, निर्माण नगर, जयपुर में रविवार 22 फरवरी, 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगाया जाएगा। रविवार का दिन होने से अधिकतम पत्रकार साथी बिना अवकाश लिए शिविर का लाभ उठा सकेंगे। शिविर में चिकित्सीय परामर्श और जांच सेवाएं निःशुल्क रहेंगी।

प्रदेश महासचिव रमेश कुमार यादव ने बताया कि यह मल्टी-स्पेशियलिटी शिविर होगा, जिसमें दांतों और मसूड़ों से संबंधित समस्याओं के लिए विशेषज्ञ सलाह और प्रारंभिक जांच। स्नायु तंत्र से जुड़ी बीमारियों, जैसे सिरदर्द, चक्कर आना, हाथ-पैरों में झनझनाहट आदि। शारीरिक चोटों या सर्जरी के बाद रिकवरी, फिजियोथेरेपी से संबंधित मार्गदर्शन। आंखों की जांच, दृष्टि संबंधी समस्याओं और अन्य नेत्र रोगों के लिए विशेषज्ञ परामर्श। सामान्य स्वास्थ्य जांच, मौसमी बीमारियों, रक्तचाप और मधुमेह जैसी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से सलाह जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।