जयपुर। राजस्थान पत्रकार परिषद की प्रदेश इकाई के तत्वावधान में मानसरोवर स्थित किरण पथ पर आयोजित भव्य और पवित्र “पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ” शनिवार को धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हो गया। प्रदेश में इस साल मानसून की अच्छी बारिश (खुशहाली) के साथ-साथ पत्रकार समाज, उनके परिजनों और संपूर्ण प्रदेश के नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य व समृद्धि की मंगल कामना के लिए इस अनुष्ठान का आयोजन किया गया था। इस धार्मिक महाकुंभ में पत्रकार जगत और स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
महायज्ञ की शुरुआत शनिवार सुबह प्रातः 10: 45 बजे गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता दिनेश कुनार शर्मा और उनकी टीम के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। मानसरोवर (बिजली घर के पास) स्थित गायत्री वेदना निवारण केन्द्र में सजी भव्य यज्ञ शाला में पांच कुंडों पर मुख्य यजमानों सहित पत्रकार समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों ने आहुतियां दीं। गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। दोपहर 12:00 बजे पूर्ण विधि-विधान के साथ महायज्ञ की मुख्य पूर्णाहुति संपन्न हुई। कार्यक्रम के पश्चात गायत्री परिवार के ट्रस्टी ओमप्रकाश अग्रवाल की ओर से पत्रकारों को युग निर्माण सत्संकल्प और अन्य साहित्य वितरण के साथ ही भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई।
राजस्थान पत्रकार परिषद के प्रदेशाध्यक्ष रोहित कुमार सोनी और प्रदेश महासचिव रमेश यादव ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रदेश महासचिव रमेश यादव ने बताया कि इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना और सभी के आरोग्य की कामना करना था। परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष रामबाबू सिंघल ने समय पर पहुंचकर धर्म लाभ उठाने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पत्रकार जगत से जुड़े सभी साथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।