आंध्र प्रदेशः भारतीय पत्रकार की हत्या पर पत्रकारों में आक्रोश

आंध्र प्रदेश में पत्रकार की निर्मम हत्या पर राजस्थान पत्रकार परिषद ने जताई चिंता, अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिए जाने की मांग

जयपुर। राजस्थान पत्रकार परिषद ने आंध्र प्रदेश में चित्तूर जिले के वेंकटगिरी कोटा में आंध्र ज्योति के वरिष्ठ पत्रकार श्री जगन मोहन रेड्डी की निर्मम हत्या किए जाने की कड़ी निंदा की है। 

राजस्थान पत्रकार परिषद के प्रदेशाध्यक्ष रोहित कुमार सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल और महासचिव रमेश यादव ने यहां जारी एक संयुक्त बयान में कहा कि यह भयावह घटना 28 अप्रैल की सुबह उस समय घटी जब पीड़ित सुबह की सैर पर गए हुए थे। हमलावरों ने श्री जगन मोहन रेड्डी पर चाकू से हमला किया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 

बयान में यह भी कहा गया है कि श्री जगनमोहन रेड्डी ने हाल ही में चित्तूर जिले में चंदन माफिया पर रिपोर्ट प्रकाशित की थी। राजस्थान पत्रकार परिषद ने हत्या पर गहरी चिंता व्यक्त की है और इस घटना की गहन जांच कर अपराधियों और इस अपराध के साजिशकर्ताओं को तत्काल गिरफ्तारी करने की मांग की है। 

राजस्थान पत्रकार परिषद ने आंध्र प्रदेश सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बहुत जल्द पत्रकार सुरक्षा कानून बनाकर लागू करने का आग्रह किया है, जिससे प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित हो सके।